अनिल कुमार की रिपोर्ट
कानपुर। अकबरपुर में दशहरा रामलीला के क्रम में बुधवार रात में श्रीराम के राज्याभिषेक लीला का मंचन हुआ। मुनि वशिष्ठ के तिलक करते ही श्रीराम के जयकारे गूंजने लगे। इस मौके पर राज माताओं के बाद श्रद्धालुओं ने भी भगवान की आरती उतारी। दर्शकों ने राम दरबार में पुष्प वर्षा की। वहीं देर रात वानरों की विदाई के भावुक दृश्य ने दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। इसके साथ दशहरा रामलीलाओं का समापन हो गया।
दशहरा रामलीला के क्रम में राज तिलक में प्रथम तिलक वशिष्ठ मुनि कीन्हा,पुनि सब विप्रन्ह आयुष दीन्हा चौपाई के बाद श्रीराम का राजतिलक हुआ। सुत विलोकि हरषीं महतारी, बार-बार आरती उतारी की चौपाई के साथ महारानी कौशल्या, कैकेई व सुमित्रा ने आरती उतारी। इसके बाद दर्शकों ने आरती उतारकर श्रीराम के जयकारे लगाए। सिंहासन पर त्रिभुवन साई, देखि सुरन्ह दुंदुभि बजाई तथा राम राज्य बैठे त्रैलोका, हरषित भए गए सब शोका की चौपाई के साथ राम राज्याभिषेक की लीला संपन्न हुई। वानरों की विदाई की लीला ने दर्शकों को भावुक किया। पंडाल में श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना। राज तिलक लीला के मंचन के साथ ही 16 दिवसीय रामलीला का समापन हो गया। गुरुवार को सत्यनारायण की कथा का आयोजन होगा। इस मौके पर रामलीला समिति के अध्यक्ष मनोज निगम, अभिषेक मिश्रा , सुनील गुप्ता, गोपाल सैनी, प्रमोद मिश्रा, महेंद्र कटियार, अनूप त्रिपाठी गोरे , राजेश,मोनू ,राजू आदि मौजूद रहे।