कानपुर ब्यूरो से खय्याम अहमद जाफरी की रिपोर्ट
कानपुर। पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत खराब मौसम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर कुछ देरी से सीएसए कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद महापौर प्रमिला पांडेय और जिलाधिकारी ने फूल भेंट करके उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर गए और उन्होंने पुष्प अर्पित करके नमन किया। नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत आयोजित कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां से कृषि कार्यशाला के मंच पर गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान अगर समृद्ध होगा तो देश खुद ही विकसित हो जाएगा। इसके लिए जरूरी है कि किसान गो आधारित प्राकृतिक खेती करे ताकि धरती स्वस्थ और किसान समृद्ध रहे। कहा, जिस तरह पंजाब और हरियाणा में किसानों को कई तरह की समस्याओं से गुजरना पड़ता है ठीक वैसे ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान फसल के साथ खेतों में यूरिया बिछा देते हैं। इससे फसल भले ही ठीक हो जाती हो पर जमीन को नुकसान होता है और लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा सरकार अब हर एक गोवंश को टैग करने जा रही है। सभी के कान के पास एक निशान लगाया जाएगा, चाहे वह पालतू पशु हो या फिर निराश्रित। इस काम का जिम्मा पशुपालन विभाग को सौंपा गया है। अगर कोई किसान निराश्रित पशु को रखकर देखरेख करता है तो सरकार 900 रुपए प्रतिमाह का खर्च भी देगी। उन्होंने बताया कि 27 से 31 जनवरी के बीच गंगा यात्रा गुजरेगी तो 1038 ग्राम पंचायतों के किसानों से भी सरकार के प्रतिनिधि गो आधारित खेती पर चर्चा करेंगे।
पशुओं को होने वाले खुरपका और मुंहपका रोग को समाप्त करने के लिए सरकार कवायद कर रही है। प्रत्येक कमिश्नरी हेड क्वार्टर में लैब बनाई जाएंगी, जहां गो आधारित खेती अपनाकर प्राकृतिक उत्पादन करने वाले किसानों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
सीएम को याद आया सीसामऊ नाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधन में सीसामऊ नाला का भी जिक्र किया। कहा, 128 वर्ष पुराने इस नाला से गंगा की गोद में करोड़ों लीटर सीवरेज रोज गिरता था। हालांकि नमामि गंगे योजना के तहत इसे ठीक करा दिया गया और अब गंगा पूरी तरह स्वच्छ हो गई हैं। इसकी बानगी कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री जी ने ने भी देखी थी।
प्रकृति के असंतुलन के लिए भगवान नहीं इंसान जिम्मेदार
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि प्रकृति असंतुलन के दुष्परिणाम पूरी दुनिया भुगत रही है, इसके लिए भगवान नहीं इंसान जिम्मेदार है। ऐसे में आवश्यकता है हमे प्रकृति के चक्र के पहचाने की। अगर हम प्राकृतिक खेती करेंगे तो प्राकृति असंतुलन को प्रकृति संतुलन में बदल देंगे। बुधवार वह चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय में नमामि गंगे के तहत आयोजित कृषि कार्यशाला में किसानों को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में किसानों ने केमिकलयुक्त खाद का भरपूर उपयोग किया, जिसका उन्हें फायदा भी मिला तो नुकसान भी काफी हुआ है। प्रकृतिक असंतुलन से बचने के लिए समय रहते सुधार किया जा सकता है। सरकार भी योजनाएं बना रही है, जिससे किसानों को जुडऩा है। इसपर विचार किया जाना चाहिये, एक अच्छा किसान वही है, जो समय के साथ खुद को भी बदलें। इसके बाद मुख्यमंत्री किदवई नगर में आयोजित नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) की भ्रांतियां दूर करने के लिए रैली को संबोधित करेंगे। केशव नगर स्थित कॉमर्शियल ग्राउंड में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान यूरिया और केमिकल खाद की बजाए गो आधारित प्राकृति खेती करें। गाय के गोबर और मूत्र का खेती में प्रयोग करें। प्रदेश सरकार ने पहले चरण में 1038 ग्राम पंचायत शामिल की हैं, जहां पर मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे, जो गांवों में जाकर किसानों को गो आधारित खेती का प्रशिक्षण देंगे। वह चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।