रिपोटर-अनिल कुमार
कानपुर में शुक्रवार रात दो दोस्तों की चापड़, चाकू व कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। गांव वालों के पहुंचने पर आरोपित उन्हेंं भी धमकी देकर भाग गए। ये घटना नवाबगंज के उजियारीपुरवा गांव में हुई। कई थानों के फोर्स के साथ डीआइजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उजियारीपुरवा निवासी किसान जयराम निषाद का 26 वर्षीय बेटा राजकुमार पेंटिंग का काम करता था। शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे परमियापुरवा निवासी उसका दोस्त रवि कुमार मिलने आया था। दोनों खेत गए थे। रास्ते में गांव के ही संजीवन के बेटे शिवम व उसके दोस्तों विकास उर्फ विक्का, विशाल और आकाश से उसकी नोकझोंक हो गई। तब गांव वालों ने बीचबचाव करा दिया। रात लगभग 12 बजे राजकुमार व रवि खेत से वापस लौट रहे थे तो आरोपितों ने हनुमान मंदिर के पास उन्हें रोक लिया।
राजकुमार ने विरोध किया तो आरोपितों ने डंडे, कुल्हाड़ी, चापड़, चाकू से हमला कर दिया। राजकुमार के सिर पर कुल्हाड़ी लगी और वह वहीं गिर पड़ा। रवि ने भागने की कोशिश की तो उस पर भी दौड़ाकर वार किए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण निकले, लेकिन हमलावरों की धमकी के चलते किसी की भी बचाने की हिम्मत नहीं हुई। राजकुमार के स्वजन दोनों को हैलट लाए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हमलावर करीब आधे घंटे तक खूनी खेल खेलते रहे। घात लगाकर उन्होंने हमला किया, इसके चलते राजकुमार व उसके दोस्त को बचने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि घटनास्थल से राजकुमार के घर की दूरी महज 250 मीटर थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंच सका। उसने आवाज दी, लेकिन घरवालों ने नहीं सुनी। जानकारी मिलने पर राजकुमार के स्वजन पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए।