संवाद सहयोगी
अयोध्या : देश की राजधानी दिल्ली में लगातार तीसरी बार सत्ता की कुर्सी हथियाने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने अपनी नजर उत्तर प्रदेश पर गड़ा दी है। आप पार्टी केजरीवाल के विकास मॉडल को आधार बनाकर उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन मजबूत करेगी। जिसको लेकर प्रदेश में पार्टी 23 फरवरी को संगठन के विस्तार के लिए लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगे।
आम आदमी पार्टी द्वारा सांगठनिक विस्तार के लिए प्रदेश में मिस्ड काल सदस्यता अभियान मुहिम की शुरुआत की है। इस सदस्यता अभियान मुहिम के तहत प्रदेश में अब तक एक लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों को पार्टी का सदस्य बनाया है।सियासी गलियारों में एक बात हमेशा कही जाती है कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। इसी उत्तर प्रदेश से देश की सबसे बड़ी संसद लोकसभा में सबसे ज्यादा सांसद चुनकर जाते हैं। केंद्र की सत्ता में अमूमन उसी पार्टी अथवा गठबंधन की सरकार बनती है जिसको प्रदेश निर्वाचित कर भेजता है। आजादी के बाद से अब तक सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री इसी उत्तर प्रदेश में दिए हैं। वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी प्रदेश के वाराणसी संसदीय सीट से सांसद हैं।अन्ना आंदोलन के बाद उपजी आम आदमी पार्टी ने केंद्र समेत तमाम प्रदेशों की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी के विजय रथ को दिल्ली में घुसने नहीं दिया। लगातार तीन चुनावों से केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा में बहुमत के साथ सरकार में है। तीसरी बार दिल्ली विधानसभा की सत्ता पर काबिज होने के बाद अब पार्टी उत्तर प्रदेश के रास्ते केंद्र की सत्ता तक पहुंचने की जुगत में है। किसी को लेकर पार्टी ने अपना ध्यान उत्तर प्रदेश पर केंद्रित कर दिया है। केजरीवाल के विकास मॉडल को जन जन तक पहुंचा कर कोशिश पार्टी के सांगठनिक विस्तार को आमजन तक पहुंचाने की है। इसी कवायद के तहत पार्टी ने 23 फरवरी को लखनऊ में इसी रणनीति पर चिंतन मंथन का निर्णय लिया है। केजरीवाल के विकास मॉडल से लोगों को रूबरू कराने के लिए प्रदेश की राजधानी से लेकर जनपदों और कस्बों तक पोस्टर, हार्डिंग,कटआउट लगवाए हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह का कहना है कि अपने विकास मॉडल के बलबूते पार्टी तीसरी बार दिल्ली की सत्ता पर पहुंची है। अब केजरीवाल के विकास मॉडल को प्रदेश के जन जन तक पहुंचाने की कोशिश है। इसके लिए बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को अपने अपने क्षेत्र में प्रचार प्रसार के लिए कहा गया है। पार्टी ने प्रदेश में सांगठनिक विस्तार के लिए मिस्ड काल सदस्यता अभियान की शुरुआत की है। जिसके तहत 5 दिनों में 12 लाख से ज्यादा मिस कॉल हुए हैं। इस मुहिम के तहत अभी तक प्रदेश में एक लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों को सदस्यता दी गई है।