धनबाद। एसीबी धनबाद की टीम ने धनबाद अंचल के राजस्व कर्मचारी मुनींद्र झा को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। झा यह रिश्वत दाखिल-खारिज के लिए ले रहे थे। एसीबी ने गिरफ्तार करने के बाद धनबाद कार्यालय में काफी देर तक पूछताछ की। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इससे पहले भी झा रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं। साल 2016 में 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए झा को एसीबी ने गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद आदत नहीं बदली। और चालू हो गए। नतीजतन, जल्द ही एसीबी के हाथों फिर शिकार हो गए।
एसीबी ने बुधवार को झा को न्यू कार्मिक नगर स्थित आवास से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ भूली के रोशन लाल अग्रवाल ने शिकायत की थी। अग्रवाल की पत्नी और भाई के नाम पर खरीदी गई जमीन का दाखिल-खारिज करने के लिए राजस्व कर्मचारी मनींद्र झा रिश्वत मांग रहे थे। 30 हजार रुपये की मांग की थी।
20 हजार में पक्का हुआ साैदा
अग्रवाल द्वारा शिकायत करने के बाद धनबाद एसीबी ने जाल बिछाया। अग्रवाल को झा के साथ साैदा पक्का करने के लिए भेजा। 30 हजार रुपये लेकर झा 4 डीड का दाखिल-खारिज करने को तैयार हो गए। इसके बाद एसीबी के कहे अनुसार अग्रवाल रिश्वत की पहली किश्त देने झा के घर पहुंचे। झा जैसे ही 10 हजार रुपये ले रहे थे एसीबी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया