विवेक चौबे की रिपोर्ट
लातेहार: लातेहार में एक दलित मजदूर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है।
घटना की जानकारी होते ही सोमवार की दोपहर पुलिस पीड़ित युवती के गांव पहुंचकर उसे मेडिकल जांच के लिए लातेहार सदर अस्पताल ले आई। वही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार युवती मजदूरी करती थी। रविवार की शाम वह मजदूरी कर अपने घर लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में पूर्व से घात लगाए बैठे पांच युवकों ने उसे जबरन उठा कर जंगल में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
देर रात जब युवती घर पहुंची तो पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी।
उसके बाद पीड़िता की मां ने सोमवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मामले की सूचना दी। जनप्रतिनिधियों ने तत्काल इस घटना की सूचना लातेहार पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस गांव की ओर रवाना हो गई। पुलिस सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। सभी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी भी आरंभ कर दी गई है।