राजा कुमार साह की रिपोर्ट
कोरोना वायरस से उत्पन्न वैश्विक महामारी की वजह से प्रवासी मजदूर परदेश से बिहार के विभिन्न जिलों में प्रतिदिन सैकड़ों की तदाद में लौट रहे हैं। यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच मीनापुर के तुर्की शनिचरा स्थान से मजदूरों को लेने के लिए पंजाब से आयी बस कौतुहल का विषय बन गयी।
बस आयी, करीब नौ घंटे तक मीनापुर में रुकी। 20 मजदूरों को लेकर पंजाब के लिए रात करीब नौ बजे रवाना भी हो गई। लेकिन, मीनापुर थानेदार राज कुमार को छोड़कर इसकी जानकारी न तो प्रखंड स्तर के किसी अधिकार-पदाधिकारी को हुई। न ही जिला प्रशासन के मुख्यालय स्तर के अधिकारियों को इसकी भनक लगी।
बिचौलियों के माध्यम से पंजाब गए माहदलित बस्ती के लोग
हुआ यूं कि दोपहर 12 बजे के बाद एक पंजाब नंबर की बस मीनापुर थाना क्षेत्र के तुर्की शनिचरा स्थाना आयी।
उसपर एक चालक व खलासी/कंडक्टर सवार थे। यह बस शनिचरा स्थान के एक दलित टोला के 20 लोगों को पंजाब ले गई। बताया जाता है कि बस के चालक और खलासी/कंडक्टर टूटी फूटी हिन्दी बोल रहे थे। इनके साथ एक स्थानीय युवक था जो बिचौलिया बताया जा रहा है। फिलहाल, उसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं मिली है। जिस परिवार के लोग पंजाब गए हैं। वे कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं।
मुखिया पति ने नहीं दी प्रशासनिक अधिकारी को जानकारी
मुखिया अनिता कुमारी के पति अरुण कुमार ने पंजाब से बस आने और महादलित बस्ती के 20 लोगों को पंजाब ले जाने की पुष्टि की। लेकिन, इस संबंध में जिला या प्रखंड स्तर के किसी भी प्रशासनिक अधिकारी को सूचना देना उचित नहीं समझा। उन्होंने बताया कि उनके पंचायत के वार्ड संख्या सात के महादलित परिवार के लोग रोजगार की तलाश में बस से पंजाब भेजे गए हैं।
थानेदार ने दी अधिकारी को सूचना, देर रात तक नहीं मिला निर्देश
मीनापुर के थानेदार राज कुमार ने बताया कि पंजाब से बस आने की सूचना उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों को दे दी है। वह उनके दिशा-निर्देश की प्रतीक्षा में हैं। लेकिन, बताया यह भी जा रहा है कि बस रात के नौ बजे पंजाब के लिए रवाना हो गई है। उस वक्त तक थानेदार को जिला मुख्यालय या विभागीय वरीय पुलिस अधिकारी से इस मामले में कोई दिशा-निर्देश नहीं मिला था। इस संबंध में पुलिस के वरीय अधिकारियों को कॉल की गयी तो किसी ने कॉल रिसिव करना मुनासिब नहीं समझा।
छह हजार प्रवासी मजदूर दूसरे प्रदेश से लौटे हैं मीनापुर
सरकारी आंकड़ा के अनुसार, मीनापुर प्रखंड में करीब छह हजार प्रवासी मजदूर दूसरे प्रदेश से लौटे हैं। मजदूरों के लौटने का सिलसिला एक माह से जारी है। प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन सेंटर पर ढाई हजार प्रवासी मजदूर क्वारंटीन किए गए हैं। ऐसी हालात में मजदूरों का एक जत्था फिर से प्रदेश लौट गया।
मीनापुर में पंजाब से बस के आने और मजदूरों को लेकर जाने की सूचना नहीं है। हमलोग इस मुद्दे को देखते हैं।
-डॉ. चंद्रशेखर सिंह, डीएम
बस से मीनापुर के मजदूर पंजाब गए। इसकी जानकारी मुझे नहीं है। आपदा विभाग को सूचना हो सकती है।
-रजनीश लाल, डीटीओ
बस के आने की सूचना वरीय अधिकारी को दे दी गई है। दिशा-निर्देश मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।
-राजकुमार, थानेदार