नई दिल्ली. Rolls-Royce (रॉल्स-रॉयस) ने दुनिया की सबसे महंगी कार लॉन्च की है। रॉल्स रॉयस ने 2021 Rolls-Royce Boat Tail (बोट टेल) नाम से यह कार पेश की है। कंपनी ने इस कार की कीमत 20 मिलियन पाउंड (करीब 205 करोड़ रुपये) रखी है। बता दें कि इस कीमत में रॉल्स रॉयस की ही महंगी फैंटम लिमोजिन जैसी 40 कारें खरीदी जा सकती हैं। आखिर इस कार में ऐसी क्या बात है कि यह इतनी कीमती है।
Boat Tail कार Rolls-Royce Sweptail कार से प्रेरित है। यह अकेला ऐसा मॉडल है जो इस लग्जरी कार निर्माता की अब तक की सबसे महंगी कार थी। इसे 2017 में 12.8 मिलियन पाउंड (करीब 132 करोड़ रुपये) में बेचा गया था। 2021 Rolls-Royce Boat Tail की बात करें तो इसमें इतनी खूबियां दी गई हैं कि आप गिनते-गिनते थक जाएं। कंपनी ने ऐसी सिर्फ 3 कारें बनाई हैं। रॉल्स-रॉयस ने अपनी इस कार को खरीदने वाले सबसे पहले ग्राहक का नाम गुप्त रखा है। लेकिन कहा जा रहा है कि वे अमेरिका के कोई रैपर हैं।
बोट टेल इस रॉल्स-रॉयस कार के पिछले हिस्से को कहा गया है, जिसका आकार जे-क्लास रेसिंग यॉट जैसा है। नॉटिकल-थीम वाले इस लग्जरी वाहन का रियर डेक पिकनिक सेट में बदल जाता है। कार के पीछे का हिस्सा तितली के पंख की तरह खुल जाता है। इसमें डिनर सेट, चेयर, शैम्पेन ठंडी करने का फ्रीजर, कटलरी, ओवन और बहुत कुछ है।
2021 रोल्स-रॉयस बोट टेल चार सीटों वाली लग्जरी कार है। इस कार की लंबाई 19 फीट है। इसकी चौड़ाई 6.7 फीट और ऊंचाई 5.2 फीट है। यह लग्जरी कार निर्माता के नए कोचबिल्ड कार्यक्रम के तहत कमिशन की गई पहली रॉल्स रॉयस कार है। 2021 रोल्स-रॉयस बोट टेल कार में 6.7-लीटर का पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया गया है। यह कार सिर्फ 5 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटी की रफ्तार पकड़ सकती है।
कार के इंटीरियर में खास लेदर इस्तेमाल किया गया है। इंटीरियर में कई जगह वुडन फिनिश है और इसे क्लाइंट का पसंदीदा ब्लू कलर दिया गया है। रोल-रॉयस के कर्मचारियों को इस कार को हाथ से बनाने में चार साल से अधिक का समय लगा। रॉल्स-रॉयस के मुताबिक, इस सुपर-लक्जरी कार को बनाने के लिए ब्रांड के डिजाइनरों के साथ बातचीत करने वाले तीन ग्राहकों ने एक ही बात कही, “मुझे कुछ ऐसा दिखाओ जो मैंने पहले कभी नहीं देखा।”
दुनिया की सबसे महंगी कार
![](https://nayabharatdarpan.com/wp-content/uploads/2023/01/httpsnayabharatdarpan.comstaticc1eclient86950uploaded26978d31b0f49d1449bba10ae0d42554.png)