लखनऊ। राजधानी में एक महिला ने पति पर भाइयों से यौन शोषण कराने और फिर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस एफआइआर दर्ज कर छानबीन कर रही है। पीड़िता का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और रिपोर्ट दर्ज की गई।
भाइयों के साथ बनवाए संबंध, विरोध पर पीटा:
मामला मोहनलालगंज क्षेत्र का है। महिला का आरोप है कि दूसरे बच्चे को जन्म न दे पाने के कारण पति उसे प्रताड़ित करता था। महिला के मुताबिक, नौ वर्ष पहले कनकहा निवासी दिलदार से उनका निकाह हुआ था। निकाह के दो वर्ष बाद उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया था। दिलदार दूसरा, बच्चा पैदा करना चाहता था, लेकिन उन्हें नहीं हुआ। आरोप है कि दिलदार बच्चा पैदा करने के लिए उस पर जबरन दबाव बना रहा था। दिलदार के कहने पर उसके भाइयों दोस्त मोहम्मद व ताज मोहम्मद ने महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया। विरोध पर उसकी पिटाई भी की। आरोप है कि शनिवार को उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत 1090 पर की। इससे पहले कि पुलिस कार्रवाई करती दिलदार के दोनों भाई भाग निकले। रविवार को महिला का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर मोहनलालगंज पुलिस ने कई गंभीर धाराओं में एफआइआर दर्ज की।