सरवन कुमार सिंह की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लखनऊ में कोरोना पर काबू पाने के लिए राज्य सरकार लगातार नए कदम उठा रही है और सीएम योगी आदित्यनाथ भी अधिकारियों को इससे निपटने के निर्देश दे रहे हैं। अब लखनऊ के कंटेनमेंट जोन में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की स्पेशल ड्यूटी लगा दी गई है।
लखनऊ शहर में चार थाना क्षेत्रों के वृहद कंटेनमेंट जोन में भूतनाथ, बंगलाबाजार, खजाना मार्केट के साथ-साथ कई मॉल भी बंद कर दिए गए हैं। 20 से 26 जुलाई तक इन इलाकों में सभी दुकानें बंद कर दी गई है। हालांकि दूध, सब्जी, मेडिकल स्टोर के साथ-साथ राशन की दुकानें खुली रहीं। बंदी के पहले दिन आज बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
स्थानीय प्रशासन ने सोमवार से गुरुवार तक आशियाना, सरोजनीनगर, इन्दिरानगर और गाजीपुर थाना क्षेत्र को वृहद कंटेनमेंट जोन के तहत लॉकडाउन किया है। इस व्यवस्था के लागू होने से शहर की भूतनाथ बाजार, लेखराज, फैजाबाद रोड और नीलगिरी की बाजारें बंद हैं। इसी तरह से आशियाना और सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली खजाना मार्केट, पावर हाउस चौराहा, बंगला बाजार और बाराबिरवा की बाजार के साथ ही शहर के कई मॉल पर भी ताला लगा है।
लॉकडाउन का ठीक ढंग से पालन हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों द्वारा इलाकों का संयुक्त भ्रमण किया जाएगा। पुलिस टीमों और यूपी 112 द्वारा पेट्रोलिंग कर लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। लखनऊ के 4 थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन लगाया गया है। गाजीपुर, इंदिरा नगर, सरोजिनी नगर और आशियाना थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन लगाया गया है।
इन सभी थाना क्षेत्रों में पढ़ने वाले नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर ट्रैफिक चलता रहेगा। रेलवे और परिवहन निगम की सेवाएं पहले की तरह इन थाना क्षेत्रों में चलती रहेंगी. इस दौरान आवश्यक सेवाओं से संबंधित कार्यालय प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। आवश्यक सेवाओं से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के आने-जाने पर भी कोई रोक नहीं होगी। एक्सप्रेस वे, बड़े पुल, सड़कें और लोक निर्माण विभाग के बड़े निर्माण, सरकारी भवन और निजी प्रोजेक्ट जारी रहेंगे।
लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया था कि अभी तक शनिवार और रविवार को ही पूर्ण लॉकडाउन रहता था लेकिन इन 4 थाना क्षेत्रों में कोरोना का संक्रमण बढ़ने की वजह से 24 जुलाई तक के लिए लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया है।
कानपुर में भी पूर्ण लाक डाउन
कानपुर से हमारे संवाददाता अनिल कुमार के अनुसार उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार रात 10 बजे से संपूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है। हालांकि ये लॉकडाउन उन 10 इलाकों में लगाया गया है, जिसे कोरोना कटेंमेंट जोन की उच्च श्रेणी में रखा गया है। जिलाधिकारी डा. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने संपूर्ण लॉकडाउन पर जानकारी देते हुए बताया है कि पिछले तीन दिनों में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण लॉकडाउन का यह फैसला विश्व स्वास्थ्य संगठन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन की अनुशंसा के आधार पर जनपद कानपुर नगर के 10 थाना क्षेत्रों में सोमवार रात 10 बजे से तात्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इन इलाकों में फुल लॉकडाउन
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद कानपुर नगर के 10 थाना क्षेत्र- चकेरी, कल्याणपुर, नौबस्ता, बर्रा, किदवई नगर, गोविन्द नगर, काकादेव, कोतवाली, नवाबगंज तथा स्वरूप नगर को कटेंमेंट जोन की श्रेणी में रखते हुए पूर्ण लॉकडाउन सोमवार रात से शुक्रवार रात तक के लिए लगाया गया है।
इसके साथ ही शासन के आदेशानुसार शनिवार और रविवार को भी इन थाना क्षेत्रों में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। ब्रह्मदेव राम तिवारी ने आगे बताया है कि सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन के कोविड संक्रमण की समीक्षा के बाद आवश्यकता पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
कुल मिलाकर कहा जाए तो कानपुर के इन 10 इलाकों में अब रविवार तक संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। यानी कि पूरे एक सप्ताह। जाहिर है यूपी में कोरोना के केस काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के लगभग 2000 केस सामने आए हैं। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 50 हजार के करीब पहुंच गया है।
भारत में सोमवार को सुबह आठ बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 40,425 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 11 लाख के पार हो गई हैं। हालांकि उपचार के बाद संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या भी सात लाख से अधिक हो गई है।