मोहन प्रसाद यादव की रिपोर्ट
अनूपपुर। बुधवार को उत्कृष्ट मैदान अनूपपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का आगमन हुआ। जहां उन्होंने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि कांग्रेस की संस्कृति विश्वास की जोडऩे की संस्कृति है, हम दिलों को जोड़ते हैं, संबंध जोड़ते हैं रिश्ता जोड़ते हैं जाति धर्म को जोड़ते हैं पूरे विश्व में भारत देश ही एक ऐसा देश है जिसमें इतनी अनेकता है। इतनी संस्कृति है इतनी भाषाएं इतनी जाति इतने धर्म और यही कांग्रेस की संस्कृति है।
संविधान के साथ भाजपा ने किया खिलवाड़
सब को जोडऩे की बाबासाहेब अंबेडकर ने ऐसा संविधान बनाया था जो सबकी रक्षा करें कमजोर वर्ग की भी रक्षा करें, सभी धर्म सभी समुदायों की रक्षा करें किंतु जिस प्रकार से उनके द्वारा बनाए गए संविधान के साथ भाजपा ने खिलवाड़ किया जिसके कारण आज प्रदेश पर उपचुनाव का भार आ पड़ा है। ऐसा उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि सौदा कर लो बिकाऊ बन जाओ और उप चुनाव की आवश्यकता पड़े लेकिन भाजपा यह जान लेगी छोटा सौदा छुप जाता है किंतु बड़ा सौदा नहीं छुपता है। हमने वोट से सरकार बनाई और उन्होंने नोट से सरकार बनाई।
जेब में नारियल लेकर चलते हैं शिवराज
कमलनाथ ने कहा कि 15 साल बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी भाजपा ने मुझे ऐसा प्रदेश सौंपा, जिसमें कई चुनौतियां थी। हमारा प्रदेश किसानों की आत्महत्या से लेकर महिलाओं पर अत्याचार बेरोजगारी भ्रष्टाचार ने देश में नंबर वन पर था। हमारे सामने कई चुनौतियां थी लेकिन इन 15 माह में हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। हमने किसानों का कर्जा माफ किया, हमारी सरकार आने पर हम बचे किसानों का भी कर्ज माफ करेंगे। शिवराज जी की 15 साल की झूठी घोषणाओं की वास्तविकता सभी जानते हैं उनकी हजारों घोषणाएं आज भी अधूरी है फिर तो जेब में दो-दो नारियल लेकर चलते हैं जहां मौका मिलता है घोषणा करके नारियल फोड़ देते हैं किंतु शिवराज जी आपका झूठ अब बहुत हो गया।
आपके हाथ है सरकार की कमान
कमलनाथ ने कहा कि हमने माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही करे मिलावट खोरों के खिलाफ अभियान चलाया, गौशाला बनाई पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया। किसानों का कर्ज माफ किया मेरा गुनाह था मेरी गलती थी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि चुनाव तो 3 नवंबर को समाप्त हो जाएंगे। झंडे बैनर पोस्टर भी उतर जाएंगे लेकिन प्रदेश का किसान यही रहेगा, युवा यही रहेगा, अब आप लोगों को यह तय करना है कि आप किसके हाथ में प्रदेश का भविष्य सोचना चाहते हैं कैसे प्रदेश का निर्माण आप करना चाहते हैं यह फैसला अब आपके हाथ में है और आप सभी सच्चाई का साथ जरूर दें।
नेताओं ने की लोगों से अपील
सभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति, पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलेश्वर पटेल, कांग्रेसी प्रत्याशी विश्वनाथ सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष निरंजन यादव किसान कांग्रेश कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय यादव, भूरा यादव, चंद्रशेखर यादव ,सुलेखा यादव शंकर बाबू शर्मा, भगवती शुक्ला, पूर्व मंत्री राजेंद्र मिश्रा, पूर्व नपा अध्यक्ष प्रेम कुमार त्रिपाठी सहित अनेक नेताओं ने अपने-अपने विचार रखे और कांग्रेस प्रत्याशी विश्वनाथ सिंह को जिताने की अपील की। सभा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के सैकड़ों सदस्यों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। साथ ही उपसरपंच अयोध्या पटेल के नेतृत्व में कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली।
भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया पथराव
मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनाव के दरमियान अनूपपुर में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बैठक को संबोधित कर आम सभा की ओर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ के काफिले पर पथराव किया व काले झंडे दिखाए गए। पुलिस मौके पर पूर्व से ही मौजूद रही पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को रोक पाने में असफल रही।