कानपुर। यूपी में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और चिलचिलाती गर्मी और तेज धूप के साथ ही हवाओं का चलना शुरू हो गया है , मौसमी सिस्टम सक्रिय हो जाने के चलते अब तीन दिन तक तेज हवा संग बारिश के आसार बन रहे हैं। कानपुर समेत आसपास के जिलों बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार शाम से बारिश की संभावना बन रही है और हवा भी सामान्य से काफी तेज चलेगी। आसमान में बदली छाई रहने के साथ तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा। उमस भी सताती रहेगी लेकिन हवाओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
कानपुर शहर में बीते तीन दिनों से आसामन बादल छाए हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही है। हालांकि अब यूपी में मौसमी सिस्टम बन गया है और तेज बारिश के आसार हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश के ऊपर मौसमी सिस्टम बना हुआ है। रविवार की रात से ठंडी हवा चलनी शुरू हो गई हैं। बंगाल की खाड़ी से नमी लिए हवा आ रही हैं। मंगलवार से मौसम में परिवर्तन हो सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.6, न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। अधिकतम आर्द्रता 89 फीसद रही है।
डा. पांडेय के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा के तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अगले 48 घंटे में इसके ओडिशा और छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने की उम्मीद है। गुजरात पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है। मानसून की टर्फ रेखा गुजरात, खंडवा, बालाघाट, संबलपुर और ओडिशा तट से गुजर रही है।
अगले 24 घंटे में ओडिशा और पूर्वी गुजरात के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, विदर्भ, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, मराठवाड़ा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, दिल्ली, पूर्वोत्तर भारत, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों और कर्नाटक में हल्की वर्षा की संभावना है।