भटिंडा। सुशील कुमार की तलाश में दिल्ली और हरियाणा पुलिस लगातार छापे मार रही है। अब जांच की कड़ियां पंजाब से भी जुड़ गई हैं। दरअसल, सागर पहलवान हत्या मामले में दिल्ली पुलिस के लिए वांटेड पहलवान सुशील कुमार के पास जो मोबाइल है, वह बठिंडा निवासी सुखबीर सिंह उर्फ काला पहलवान के नाम पर है। थाना सदर के सब इंस्पेक्टर बेअंत सिंह ने यह जानकारी दी। सुखबीर सिंह सुशील कुमार का साथी रह चुका है। ओलंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया है। हरियाणा पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी हुई है। सुशील की पहले उत्तराखंड के साथ हरियाणा में लोकेशन मिल चुकी है। उसकी सोनीपत में पुरानी पहचान है। इसलिए पुलिस को उसके ठिकानों का पता करके नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
थाना सदर के सब इंस्पेक्टर बेअंत सिंह ने बताया कि दिल्ली के मॉडल टाउन एरिया के तीन एसएचओ और इंस्पेक्टर समेत एक बड़े पुलिस अधिकारी ने थाना सदर में सुखबीर सिंह से पूछताछ की और मोबाइल सिम के बारे में जानकारी हासिल की।
सब इंस्पेक्टर ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने सुखबीर सिंह से पूछताछ करने के बाद पंजाब पुलिस की हाजिरी में उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया। सागर धनखड़ की हत्या होने के बाद शुक्रवार को पहली बार ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार का फुटेज सामने आया है। सुशील मेरठ टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। इसमें वह एक कार में एक अन्य शख्स के साथ बैठा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह फुटेज उस दौरान का है जब घटना के बाद वह उत्तराखंड की ओर जा रहा था। तकनीकी सर्विलांस में भी उसके उत्तराखंड की ओर जाने की बात सामने आई थी।