शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी को ही प्राथमिकता पर लिया और अन्य दलों के बारे में बात करने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता महंगाई से परेशान है। प्रतिदिन डीजल-पेट्रोल, गैस और अन्य सामग्रियों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। ऐसे में गरीब का चूल्हा जलना बंद हो गया है।नेताजी मुलायम सिंह यादव ने आश्वस्त किया है कि अगर अखिलेश यादव प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को गठबंधन में नहीं लेते हैं तो वह पूरे प्रदेश में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का प्रचार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश से भी फोन पर वार्ता हो चुकी है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के गठबंधन वाली पार्टी की ही सरकार बनेगी। भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए सभी एक जैसी विचारधारा वाली पार्टियों को एक साथ आना होगा।
उन्होंने कहा कि यह चौधरी चरण सिंह की जन्म भूमि है। जिन्होंने किसानों के लिए बहुत काम किया। अब वर्तमान की केंद्र और राज्य सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। नए कृषि कानून लाकर किसानों को नुकसान पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। आंदोलन कर रहे किसानों पर लाठियां बरसाईं जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है, जब उत्तर प्रदेश की जनता झूठे वादे करने वाली भारतीय जनता पार्टी को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया पूरे प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा निकाल रही है। पूरे प्रदेश में भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने ओवैसी की पार्टी से गठबंधन पर कोई स्पष्ट जवाब तो नहीं दिया, लेकिन इतना कहा कि अब चुनाव आ गए हैं। इस तरह की अनेकों बातें प्रचार में आएंगी।
शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ 40 साल तक काम करके हमने समाजवादी पार्टी को खड़ा किया। दो बार नेता जी इस देश के प्रधानमंत्री बनते बनते रह गए। हमने रथ यात्रा की शुरुआत मथुरा में भगवान की पूजा करने के बाद और नेता जी का आशीर्वाद लेने के बाद शुरू की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नितिन कोहली शशि राणा, अमित जानी, अभिषेक, जीतू, नागपाल आदि मुख्य उपस्थित रहे।