झांसी से लालता प्रसाद की रिपोर्ट
झांसी-मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के करैरा में हुए सड़क हादसे में आईटीबीपी का जवान सतेन्द्र सिंह राजावत घायल हो गया था। उन्हें झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। जानकारी होते ही सेना के जवान झांसी पोस्टमार्टम घर पहुंचे जहां उन्होंने मृतक जवान को राजकीय सम्मान के साथ विदा किया।बताते चलंें कि मध्य प्रदेश में भिंड जिले के ग्राम ढमनापुरा में रहने वाले लगभग 38 वर्षीय सतेंद्र सिंह राजावत पुत्र जवाहर सिंह आईटीबीपी में जवान थे। उनके बेटे शिवप्रताप सिंह के अनुसार मृतक की करैरा में पोस्टिंग थी। शुक्रवार रात को वह अपने साथी धर्मेंद्र के साथ बाजार गए थे। वहां से सामान लेकर दोनों बाइक से कैंप लौट रहे थे। रास्ते में वह सड़क हादसे में घायल हो गए।आसपास के लोग और बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर सतेंद्र को झांसी रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद वहां पहुंचे सेना के जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें विदा किया। यह नजारा देख वहां सभी की आंखे नम थीं।