उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार की रात खंदौली पुलिस ने यमुना नदी में एक युवती का शव उतराने की सूचना पर रेस्क्यू शुरू किया। गोताखारों की मदद से नदी के बीच युवती को बाहर निकाला गया। जिसे लोग मरा हुआ समझ रहे थे, उसकी सांसें चल रही थीं। अस्पताल में होश आने पर महिला ने अपना नाम और पता बताया। पुलिस ने उसे उसके परिवार को सौंप दिया है।
दरअसल, थाना खंदौली पुलिस को सूचना मिली कि पोइया की तरफ यमुना में एक महिला की बॉडी बहती हुई आ रही है। पुलिस ने तत्काल मौके पर जाकर गोताखोरों की मदद से उसे निकाला तो युवती जीवित निकली। महिला पुलिस की मदद से उसे प्राथमिक उपचार दिया गया तो कुछ ही देर में उसे होश आ गया। महिला पुलिस ने युवती के कपड़े बदलवाए और उसे चाय और बिस्किट खिलाए।
पूछताछ में युवती ने अपना नाम सदफ शाहीन पुत्री रफीक निवासी शिकोहाबाद बताया। खंदौली पुलिस ने वहां के चैयरमैन और पुलिस से बात की तो युवती के मानसिक विक्षिप्त होने और घर से बिना बताए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन चैयरमैन के साथ फिरोजाबाद के टूंडला थाने पहुंचे और खंदौली पुलिस ने भी वहां पहुंचकर कागजी कार्यवाही कर युवती को परिजनों के सपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता से युवती की जान बच गयी। परिजन पुलिस की तारीफ करते नहीं थक रहे थे।