शशांक तिवारी की रिपोर्ट
लखनऊ। यूपी के विधायक अमनमणि त्रिपाठी को उत्तराखंड पुलिस से बदसलूकी करना महंगा पड़ गया। उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश पर सोमवार को विधायक अमनमणि त्रिपाठी सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यूपी सरकार से निर्देश मिलने के बाद बिजनौर के नजीबाबाद थाने में अमनमणि त्रिपाठी की गिरफ्तारी की गई है। अमनमणि त्रिपाठी 3 गाड़ियों की अनुमति लेकर 11 लोगों के साथ उत्तराखंड के बदरीनाथ गए थे। पुलिस ने मौके से 2 चार पहिया वाहन पकड़े हैं। लॉकडाउन के दौरान विधायक अमनमणि त्रिपाठी के पास कोई अधिकृत पास उपलब्ध नहीं था। उन्होंने विधायक होते हुए भी लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन किया है जिसके आधार पर आपदा प्रबंधन अधिनियम और लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानें पूरा मामला
उत्तराखंड पुलिस से बदसलूकी करना यूपी के विधायक अमनमणि त्रिपाठी को महंगा पड़ गया। उत्तराखंड पुलिस ने पहले विधायक सहित 12 लोगों को हिरासत ले लिया था। इन पर आपदा प्रबंधन अधिनियम और लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बदरीनाथ धाम के कपाट खुले न होने के चलते अमनमणि त्रिपाठी सहित 12 लोग चमोली के कर्णप्रयाग पहुंच गए थे। इस पर कर्णप्रयाग पुलिस ने इनको रोका तो विधायक ने अपना रुतबा दिखाकर पुलिस से ही बदतमीजी कर डाली।
अमनमणि त्रिपाठी समेत 12 लोगों को कर्णप्रयाग में कोरोना ड्यूटी में लगे अफसरों से बदसलूकी करने के बाद टिहरी पुलिस ने वापस आते वक्त मुनि की रेती में यह कार्रवाई की है। टिहरी पुलिस ने विधायक अमनमणि त्रिपाठी के काफिले को व्यासी थाना इलाके में रोक कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने अनुमति के विपरीत 12 लोगों पर आपदा एवं संक्रमण अधिनियम का उल्लंघन करने और सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन करने के चलते मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि विधायक अमनमणि त्रिपाठी ने जो लेटर दिखाया, उसमें उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता के श्राद्ध कर्म के लिए वहां जाने की बात कही थी। ये सारे लोग रविवार को 3 कार में सवार होकर बद्रीनाथ जा रहे थे। इस दौरान चमोली जिले की सीमा पर चेकिंग के दौरान इन सभी को वापस भेजा गया।
पुलिस अफसरों के मुताबिक जांच करने के बाद विधायक और उनके साथियों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, डीएम स्वाति एस भदौरिया का कहना है कि बद्रीनाथ के कपाट बंद होने की वजह से विधायक और उनके साथियों को बदरीनाथ नहीं जाने दिया गया। डीजीपी अशोक कुमार (क्राइम) ने जानकारी देते हुए कहा कि विधायक अमन मणि को मुनिकीरेती क्षेत्र में पकड़ा गया। विधायक समेत 12 लोगों के खिलाफ धारा 188 और राष्ट्रीय आपदा एक्ट में मामला दर्ज किया गया। बाद में निजी मुचलने पर उन्हें व उनके साथियों को छोड़ा गया।