सरवन कुमार सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार को सीजन का सबसे घना कोहरा छाया। देर शाम आठ बजे जब कोहरा छाना शुरू हुआ तो घना होता गया। कुछ ही देर में 10 मीटर दूर तक भी दिखना मुश्किल हो गया। कानपुर हाईवे, फैजाबाद रोड, रायबरेली रोड, हरदोई रोड, सीतापुर रोड पर कोहरे के कारण जाम लग गया। शहर की चौड़ी सड़कों पर भी वाहन रेंगते हुए नजर आए। एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन जारी रहे इसके लिए घने कोहरे में परिचालन जारी रखने की प्रणाली कैट-3 बी सक्रिय कर दी गई।
दिन में तेज धूप के बाद जब शाम को ठंड बढ़ने से कोहरा छा गया। हवा की रफ्तार काफी कम रही जिसकी वजह से कोहरा घना होता गया। एयरपोर्ट पर शाम तक दृश्यता 1500 मीटर थी वह घट कर 400 मीटर पर आ गई। आंखों को चुंधिया देने वाली गाड़ियों की हाइलोजन लाइटें भी कोहरे को चीरने में असमर्थ थीं। बुधवार को शहर में कई शादियां थीं लेकिन अधिसंख्य मेहमानों ने कोहरे में निकलने की बजाय घर पर रहना ही ठीक समझा।
नतीजतन अधिसंख्य शादियों में मेहमानों की संख्या काफी कम दर्ज की गई। शहीद पथ पर जहां आमतौर पर वाहन फर्राटा भरते हैं, वहां धीमी रफ्तार पर चलते दिखाई दिए। कोहरे के कारण दुकानें भी जल्दी बंद हो गईं। शहर में हजरतगंज, गोमती नगर, इन्दिरा नगर, अलीगंज समेत कई स्थानों पर वाहनों की संख्या भी कम हो गई।
आज भी हो सकता है घना कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले दो दिनों तक सुबह शाम कोहरा रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 11.6 रहा यह सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को भी शाम के समय घना कोहरा रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।