सरवन कुमार की रिपोर्ट
लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध-प्रदर्शन में मुस्लिम धर्मगुरु कल्बे सादिक के बेटे के खिलाफ लखनऊ में एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इनके खिलाफ ट्रैफिक जाम करने और धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में एफआइआर दर्ज की है। कल्बे सादिक के बेटे व 10 नामजद समेत सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 145, 147, 188, 283, 353 और सीएलए 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को घंटाघर में प्रदर्शन कर रही महिलाओं के समर्थन में जुलूस निकाला गया था, जिसकी वजह से घंटाघर पर जाम लग गया था।
लखनऊ के घंटाघर में चल रहे अंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना डॉ. कल्बे सादिक हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने घंटाघर में प्रदर्शनकारियों को आने वाली दिक्कतों पर रोष जताते हुए कहा था कि मैंने आज तक कभी सिनेमा नहीं देखा, पर हर घर में उजाला है और घंटाघर पर अंधेरा, जो सरकार को दिखाई नहीं दे रहा है। कोई मोदी कोई शाह हमारा भविष्य नहीं बना सकता। आज जो हमारे देश में हो रहा है वो बेहद दर्दनाक है।