कन्नौज– कन्नौज में घातक रूप ले चुके डेंगू से सांसद के बड़े भाई प्रशून पाठक की उपचार के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। सांसद के भाई की मौत की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को महादेवी गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शोकाकुल परिवार ढांढस बंधाया।
जिले में डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के बड़े भाई प्रशून पाठक बुखार से पीड़ित चल रहे थे। जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर परिजनों ने लखनऊ के वेदांता में भर्ती कराया। शुक्रवार की शाम डेंगू के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सांसद सुब्रत पाठक ने ट्विटर पर जानकारी दी। मौत की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी। बता दें कि शनिवार को महादेवी गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।