देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज: ताड़ी के विवाद में हुई बुजुर्ग की हत्या मामले में मुख्य आरोपित को पुलिस ने जेल भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद हुआ है। आरोपित हत्या करने के बाद घर भाग गया था। स्वजनों के कहने पर उसने सरेंडर किया था।
शुक्रवार रात को खिदरियापुर निवासी छोटेलाल की कंदरौली गांव में आम के बाग में हंसिया से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपित इस्माइल हंसिया लेकर घर चला गया था। चुपचाप वह बाथरूम में खून से सने कपड़े धोने लगा, इस बीच स्वजनों ने देख लिया था। इसके बाद आरोपित के स्वजनों को हत्या की जानकारी हुई थी। स्वजनों के कहने पर आरोपित ने उसी दिन सदर कोतवाल पुलिस को सरेंडर कर दिया था। आरोपित ने बताया कि छोटेलाल बिना अनुमति के ताड़ी बेच देता था व पी भी जाता था। कई बार उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि आरोपित के घर से हंसिया, खून से सने कपड़े व चप्पल बरामद हुई है। आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद रविवार को जेल भेज दिया गया है।