देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज / जिला जेल में अब तक के सबसे अधिक बंदी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एक साथ 14 संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। दूसरी ओर अस्थाई जेल में भी तीन बंदी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में कुल 43 लोग संक्रमण का शिकार हुए हैं।
पांच सितम्बर को ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सचिन दीक्षित ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला जेल अनौगी का निरीक्षण और जानकारी की थी। उस दौरान जेलर ने सभी 791 बंदी और कैदी के कोरोना निगेटिव होने की बात कही थी। मंगलवार को स्वास्थ्य महकमे की सूची में 43 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। इसमें शहर के पुलिस लाइन निकट स्थित अस्थाई जेल के तीन बंदी भी पॉजिटिव निकले। जो 14 बंदी जिला जेल में पॉजिटिव मिले हैं, उसमें तीन भाई भी शामिल हैं। जेलर एसके यादव का कहना है कि जो बंदी संक्रमित मिले हैं, वह नए आए हैं। इनको अस्थाई जेल से जिला जेल में भेजा गया है। दूसरी ओर स्वास्थ्य महकमे का तर्क है कि पुराने बंदी ही पॉजिटिव आए हैं, उनकी जेल में जांच हुई थी।
“जिले में 247 एक्टिव केस”
सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि जिले में 247 कोरोना संक्रमित एक्टिव हैं। 43 पॉजिटिव मिलने के बाद अब संख्या 1866 हो गई है, इसमें 1604 स्वस्थ्य हो चुके हैं। मंगलवार को भी 17 कोरोना से जंग जीते। अब तक 15 संक्रमितों की मौत हो चुकी है