देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज। किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदेश भर में किसान यात्रा का ऐलान कर चुकी सपा की गतिविधियों पर प्रशासन की निगाह लग गई है। यहां यात्रा में शामिल होने आ रहे सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आने से पहले ही पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं की धर-पकड़ शुरू कर दी है। यात्रा में शामिल होने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को जगह-जगह रोक कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
किसान यात्रा की ऐलान के बाद से ही प्रशासन का अमला सक्रिय हो गया है। रविवार की रात ही यहां आए आईजी कानपुर मोहित अग्रवाल ने यात्रा की जानकारी लेकर ज़रूरी निर्देश दिए थे। उसके बाद से ही रात में ही कई जगह पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया था। सपा के बड़े नेताओं, विधायक और पूर्व विधायक के आवास के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया। सोमवार की सुबह कई कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में इकट्ठा हुए। यहां पहुंची पुलिस ने कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया। इससे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी।
इसी बीच अपने आवास से किसान यात्रा में शामिल होने जा रहे सदर विधायक अनिल दोहरे को पुलिस ने पहले तो घर से निकलने से रोका। लेकिन वो आगे बढ़ गए। इस पर पुलिस ने सख्ती करते हुए उन्हें कार्यकर्त्ताओं के साथ हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के ट्रक में सवार कर सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। कार्यक्रम स्थल ठठिया मंडी के आसपास भी पुलिस की चौकसी रही।