अरुण विकास पाठक की रिपोर्ट
मोहम्मदाबाद- दूध डेयरी कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
गांव बबुरेया निवासी राजेंद्र सिंह का 28 वर्षीय पुत्र अवनीश सीपी दूध डेयरी में काम करता था। मंगलवार रात अवनीश का पत्नी साक्षी से किसी बात विवाद हो गया था। अवनीश बुधवार सुबह लगभग पांच बजे घर से उठकर बाहर चला गया। काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो साक्षी ने बाहर जाकर खोजबीन की।
तभी उसे अवनीश का शव घर से 200 मीटर की दूरी पर आम के पेड़ पर फंदे से लटका दिखाई दिया। साक्षी ने शोर मचाया। इस पर परिवार के लोग भी आ गए। राजेंद्र की सूचना पर दरोगा उदय सिंह ने मौके पर पहुंच कर शव को फंदे से उतरवाया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस पर दरोगा ने पंचनामा भरकर शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। अवनीश के पुत्र हर्षित व पुत्री काव्या है। वह छह भाइयों में सबसे बड़ा था।