अनुराग पाठक की रिपोर्ट
हरदोई –ब्लॉक कछौना के बालामऊ गांव में गेहूं क्रय केंद्र पर बारदाना की कमी के चलते किसानों के गेहूं की तौलाई नहीं हो पा रही है। जिससे किसानों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें बालामऊ गेहूं क्रय केंद्र पर 20 दिन से अधिक किसानों का जमावड़ा लगा हुआ है। परन्तु बारदाने की कमी के चलते उनके अनाज की सही समय से तौल नहीं हो पा रही है। जहां एक ओर सरकार ने प्रत्येक किसान को उसका समर्थन मूल्य प्रदान करने के लिए वादे करती है वहीं क्रय केंद्रों पर बिचौलियों, बारदाना की कमीं आदि अव्यवस्था के चलते किसानों के अनाज की तौल नहीं हो पा रही है। किसान अजय कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, गोलू सिंह, राजबक्स सिंह, मोहन तिवारी, बसंत कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह आदि ने बताया कि उनका अनाज लगभग 20 दिनों से क्रय केंद्र पर लगा हुआ है, परंतु क्रय केंद्र पर बारदाना ना होने के कारण उनके अनाज की आज तक तौल नहीं हो पाई है। किसानों ने बताया कि बदलते हुए मौसम, आंधी – पानी से अनाज के भीगने का खतरा बना रहता है।
क्रय केंद्र सचिव पंकज सिंह ने बताया कि बारदाना की कमी के चलते तौल प्रक्रिया रुकी हुई है, यदि बारदाना समय से उपलब्ध हो जाए तो तौल प्रक्रिया में कोई भी बाधा नहीं आएगी।