राम कैलाश पटेल की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक बुजुर्ग को जिंदा जलाने का प्रयास किया है। वह अपने घर से थोड़ी दूर पर बनी एक झोपड़ी में सोने गया था। उस पर अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। आहट से जब उसकी आंख खुली तो उसने शोर मचाना शुरू किया। हालांकि, वह इस हमले में बच गया। आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस पेट्रोल बेचने वाले से कर रही पूछताछ।
रिटायर्ड टीचर पर जानलेवा हमला
घटना जिले के जामो थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव की है। जहां के निवासी है रिटायर्ड टीचर राममनोहर सिंह(65)। वह रोज की तरह शुक्रवार की रात खाना खाकर घर के पास बनी झोपड़ी में सोने गए थे। तड़के सुबह करीब 4 बजे के आसपास कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पेट्रोल डालना शुरू किया और आग लगा दी। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही आग लग चुकी थी। हालांकि, वह आग की चपेट में आने से पहले ही चारपाई से कूद पड़े। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण जाग गए और घटनास्थल की ओर भागे।
गांव के ही लोगों पर है ग्रामीणों को शक
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति से गांव के दूसरे व्यक्ति ने शनिवार शाम पेट्रोल खरीदा था। जिसके बाद उसी रात उसके पास कुछ और लोग भी पेट्रोल खरीदने पहुंचे थे। इस बार उसने पेट्रोल बेचने से मना कर दिया था। पुलिस को पीड़ित ने तहरीर दी है। शक के आधार पर पेट्रोल देने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।