उत्तर प्रदेश चुनाव तो हलवा सोहन बनता जा रहा है सभी इसे खाने को आतुर और बेचैन है ।अभी तक बीजेपी यूपी के ब्राह्मण वोट बैंक पर कब्ज़ा जमाने की फिराक मे तरह -तरह के प्रलोभन दे रही थी, परंतु स्वयं समाजवादी पार्टी को ब्राह्मण महासभा का साथ मिला है। ब्राह्मण महासभा ने समाजवादी पार्टी को बिना शर्त समर्थन का ऐलान किया है।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ केसी पाण्डेय ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा है कि अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा बिना शर्त अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए समाजवादी पार्टी को समर्थन देगी। इसी के साथ डॉ पाण्डेय ने सपा से अपील की है कि गोरखपुर की सहजनवां और मिर्जापुर की मझवां सीट समाजवादी पार्टी ब्राह्मण प्रत्याशी को देने पर गंभीरता से विचार करे।
उन्होंने कहा कि हर हाल में वर्ष 2022 में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना ही है। स्थिति यह है कि यूपी में बदलाव की बयार चल रही है और जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। ब्राह्मण समाज का हित समाजवादी पार्टी में ही सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि इस समय ब्राह्मणों का जितना उत्पीड़न और उनकी हत्याएं हो रही हैं। उतना तो बसपा सरकार में भी नहीं हुई थीं। हम पूरा दबाव बनाएंगे कि समाजवादी सरकार बनने के बाद ब्राह्मणों की जो भी मांगे हैं, उसे अखिलेश यादव पूरा करें।
इससे पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने हाल ही में ब्राह्मणों को जीतने के लिए अपने खास सतीश चंद्र मिश्रा को राज्यभर में ब्राह्मण सम्मेलन का जिम्मा सौंपा था। लखनऊ में खुद मायावती ने प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित किया था। समाजवादी पार्टी ने भी पूर्वांचल में ब्राह्मण सभा की थी। भाजपा ने भी प्रबुद्ध सम्मेलन के बहाने ब्राह्मणों को रिझाने का प्रयास किया था।