अनुज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
हरदोई शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात लापता हुई किशोरी सोमवार सुबह गांव में ही धान के खेत में बेहोश पड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे उठाकर घर ले गए
यहां किशोरी ने गांव के ही युवक पर बहलाकर ले जाने और दुष्कर्म के बाद खेत में फेंक देने की जानकारी दी। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार की रात उसकी पुत्री (16) घर में ही सोई थी। रविवार सुबह जब परिजन जागे तो किशोरी घर में नहीं थी। इस पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला।
सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक धान के खेत में किशोरी को बेहोश पड़े देखा, तो सूचना परिजनों को दी। परिजन किशोरी को घर ले गए। यहां किशोरी ने परिजनों को बताया कि गांव निवासी किशन उसे बहलाकर अपने साथ ले गया था। किशन ने उसके साथ दुष्कर्म किया। खेत में कैसे आई यह जानकारी किशोरी नहीं दे पाई। कोतवाल सुरेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
किशोरी से आरोपी की होती थी फोन पर बात
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक दुष्कर्म के आरोपी किशन और पीड़ित किशोरी के बीच बातचीत फोन पर लंबे समय से चल रही थी। कुछ दिन पहले इसकी जानकारी किशोरी के परिजनों को हुई थी। किशोरी के पिता के मुताबिक उसने गांव के संभ्रांत लोगों के साथ जाकर किशन की शिकायत उसके पिता से की थी। कुछ दिनों तक किशन और किशोरी के बीच दूरियां बनी रहीं, लेकिन इसके बाद यह घटना घट गई।