शशांक तिवारी और एनबीडी टीम
लखनऊ। उत्तरप्रदेश में आज 7 विधानसभा सीटों में उपचुनाव चल रहा है। वहीं बुलंदशहर में लोगों ने वोट नहीं देने का नोटिस चस्पा दिया है। इसके साथ ही आज लोगों ने मतदान का बहिष्कार भी किया है।
बता दें कि पाश इलाका डीएम कॉलोनी जहां जिले के तमाम अप्सरान रहते हैं वहां से लगे हुए इलाके के लोगों ने अपने घरों के बाहर रास्ता नहीं तो वोट नहीं के नोटिस चस्पा किए हैं। लोगों का आरोप है कि उनके घरों से निकलने वाला रास्ता 50 वर्षों से खुला था मगर डीएम कॉलोनी जहाँ अधिकारियों के आवास हैं वहां से उनके घरों को जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया जिसके चलते इन घरों में रहने वाले लोगों को रास्ता नहीं मिल पा रहा हैं, जिसकी वजह से आज इलाके के सभी लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया है।
लोगों ने आगे बताया कि इन इलाकों के रास्ते बंद होने के बाद काफी विवाद रहा तत्कालीन जिलाधिकारी रोशन जैकब के वक्त में जिले के भाजपा सांसद पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया था इतना ही नहीं इलाके के लोगों के विरोध करने पर कई लोगों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया था मगर इस बार उपचुनाव में इन सभी लोगों का गुस्सा सामने आया है जिसके चलते यहां के लोग आज मतदान नहीं कर रहे हैं।
विकास की मांग को लेकर टूण्डला सीट पर मतदान का बहिष्कार
टूंडला के उपचुनावों में कई गांव के लोगों ने विकास कार्य नहीं होने पर मतदान का बहिष्कार कर दिया है। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर उनके साथ हर बात बार छल होता है।
मल्हनी सीट से निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिहं ने डाला वोट
मल्हनी विधान सभा के अपने गांव बन्सफा के नकटाबीर मतदान केंद्र पर पत्नी श्रीकला धनंजय के साथ अपना वोट डालने पहुँचे निर्दल प्रत्याशी व पूर्व सांसद धनंजय सिंह। प्रमुख प्रत्याशियों में एक मात्र धनन्जय सिंह मतदाता हैं।
बूथ संख्या 160, 158, 161 पर EVM खराब
कानपुर: एएनआई के अनुसार- घाटमपुर की बूथ संख्या 160, 158, 161 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन(EVM) खराब होने की वजह से अभी तक मतदान शुरू नहीं हुआ है. उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा की 7 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है.
इन 7 सीटों पर हो रहा उपचुनाव
अमरोहा के नौगंवा सादात, बुलंदशहर, फिरोजाबाद की टुंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया और जौनपुर की मल्हनी सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इनमें छह सीट भारतीय जनता पार्टी और एक सीट समाजवादी पार्टी के पास थी। पहली बार विधानसभा उपचुनाव लड़ रही बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाताओं से अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील मतदाताओं से की है। हालांकि मायावती ने उपचुनाव में प्रचार नहीं किया है।
इतने मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
मतदान सुबह 7 बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। हर बूथ पर अधिकतम एक हजार वोटर ही मतदान कर सकेंगे। इस वजह से हर मतदान केंद्र पर सहायक पोलिंग बूथ भी बनाए गए हैं। 7 विधानसभा सीटों पर कुल 24,27,922 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 13,00684 पुरुष और 11,27108 महिला मतदाता हैं। साथ ही 130 थर्ड जेंडर है। 10 नवंबर को परिणाम आएंगे। पहली बार उप चुनाव में बसपा के अकेले उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है।