नई दिल्ली। भारत में ईवी में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के बाद ईवी के प्रति लोगों का रुझान और बढ़ा है। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में विभिन्न वाहन निर्माता अपने इलेक्ट्रिक मॉडल्स को लॉन्च कर रहे हैं। इस बीच भारत में एक और दिग्गज खिलाड़ी ईवी सेगमेंट में एंट्री कर रही है। सबसे ज्यादा बिक्री करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया निर्माता Hero MotoCorp (हीरो मोटोकॉर्प) ने ताइवान की इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी Gogoro (गोगोरो) के साथ साझेदारी की। दोनों मिलकर भारतीय बाजार में जल्द एक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर उतारने की तैयारी में हैं। कंपनी ने इसे भारत में Gogoro Viva (गोगोरो वीवा) के नाम से रजिस्टर किया है।
Gogoro Viva को वर्ष 2019 में पेश किया गया था। कंपनी कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहले से इसकी बिक्री कर रही है। हीरो मोटोकॉर्प का आगामी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन Gogoro के ईवी प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा। रिपोर्ट के मुताबिक Gogoro Viva इलेक्ट्रिक स्कूटर की भारत में बिक्री हीरो मोटोकॉर्प के डीलरशिप के जरिए कर सकती है। इस स्कूटर का वजन भी काफी कम है और इसकी ऊंचाई भी कम है। स्कूटर का वजन सिर्फ 80 किलोग्राम है। इसका व्हीलबेस 10 इंच, सीट की ऊंचाई 740 mm है। इस स्कूटर में 21.6 लीटर का स्टोरेज स्पेस मिलता है।