शेखर की रिपोर्ट
टंडवा (चतरा) : पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड सरकार के निर्देशानुसार चतरा जिला प्रशासन के द्वारा पंचायत चुनाव से संबंधित जिला गजट प्रकाशित कर दिया गया है। यह गजट चतरा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अंजली यादव के द्वारा जारी किया गया है। टंडवा प्रखंड क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2021 में सतरह पंचायतों में निर्वाचन संपन्न कराए जाएंगे ।टंडवा के डहू तथा बहेरा पंचायत को अनुसूचित जनजाति महिला तथा कल्याणपुर पंचायत को अनुसूचित जनजाति अन्य के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं मिश्ररौल और कोयद पंचायत को अनुसूचित जाति अन्य के लिए तथा टंडवा और बेंती पंचायत को अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है।गाड़ीलौंग पंचायत को अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं पर धनगडा पंचायत, नावाडीह उर्फ तेलियाडीह पंचायत, राहम पंचायत, कबरा पंचायत को अनारक्षित अन्य के लिए रखा गया है, पदमपुर पंचायत ,पोकला उर्फ कसीयाडीह पंचायत ,सराढू पंचायत, बड़गांव पंचायत, तथा किचटो पंचायत को अनारक्षित महिला के लिए सुरक्षित किया गया है। सभी श्रेणी को मिलाकर कम से कम टंडवा प्रखंड मे इस बार के पंचायत चुनाव में दस महिला मुखिया बनना तय है। अनारक्षित अन्य सीट से अगर कोई महिला मुखिया पद का चुनाव जीतकर निर्वाचित होती है तो इस संख्या में इजाफा होने की गुंजाइश भी है। इसके पूर्व के पंचायत चुनाव में टंडवा को 19 पंचायत में रखा गया था। जिसमें 19 मुखिया निर्वाचित किए गए थे। लेकिन अब बचरा दक्षिणी तथा बचरा उतरी पंचायत को नगर पंचायत बचरा बनाते हुए नगर पंचायत का दर्जा झारखंड सरकार के द्वारा प्रदान कर दिया गया है।इस वजह से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में बचरा में मुखिया के साथ अन्य पद के लिए पंचायत चुनाव नहीं कराए जाएंगे, अब वहां पर नगर पंचायत का चुनाव संपन्न करवाया जाएगा।