अशोक वस्तानी की रिपोर्ट
पुणे- के पिंपरी-चिंचवड में सोमवार को एक भाजपा की महिला नेता के बेटे ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। बेटे ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मारी। फिलहाल इस खुदकुशी के पीछे का कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक प्रसन्न चिंचवडे (21) भाजपा नगरसेविका करुणा चिंचवडे का बेटा है। वारदात वाल्हेकरवाडी स्थित बंगले में देर रात हुई है।
डिनर के बाद कमरे में सोने गया था प्रसन्न
करुणा ने पुलिस को बताया है कि प्रसन्न ने रात में परिवार से साथ डिनर किया था। इसके बाद वह घर की ऊपरी मंजिल पर बने अपने कमरे में सोने चला गया था। कुछ घंटे बाद अचानक गोली चलने की आवाज हुई। परिवार के अन्य सदस्य प्रसन्न के कमरे की ओर भागे। जाकर देखा गया तो उसकी बॉडी जमीन पर पड़ी हुई थी और चारों ओर खून फैला हुआ था। उसके हाथ के पास पिस्तौल पड़ी हुई थी। करुणा उन्हें तुरंत लेकर पास के एक निजी अस्पताल में गईं, जहां डॉक्टर्स ने प्रसन्न को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की थ्योरी भी आ रही सामने
प्रसन्न जब गोली लगने के बाद गिरे तो उनके हाथ में अपने पिता शेखर चिंचवडे का लाइसेंसी पिस्तौल थी। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि प्रसन्न ने आत्महत्या की है या उनके हाथ से पिस्तौल का ट्रिगर गलती से दब गया?
परिवार में नहीं किसी तरह की परेशानी
रविवार की शाम प्रसन्न परिवार के एक मित्र के साथ नई कार खरीदने के लिए गाड़ियों के शो रूम से लौटे थे और काफी खुश दिखाई दे रहे थे। लेकिन रात सवा नौ बजे गोली लगने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगरसेविका के बंगले के बाहर भाजपा समर्थकों का जमावड़ा इकट्ठा हो गया