जागेश्वरधाम (अल्मोड़ा):भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने परिवार समेत उत्तराखंड के पवित्र पांच में धाम जागेश्वर के दर्शन किए। उनके साथ इस मौके पर अल्मोड़ा पिथौरागढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय टम्टा भी मौजूद रहे।नड्डा ने परिवार के साथ शिव और महामृत्युंजय जाप किया। जागेश्वर धाम पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। महामृत्युंजय मंदिर में विशेष पूजा अर्चना कराई जा रही है। अनुष्ठान जारी है। लंबे समय बाद जागनाथ नगरी पहुंचे नड्डा अध्यात्म व नैसर्गिक सौंदर्य के अभिभूत दिखे।
दिल्ली से जागेश्वरधाम के लिए रवाना हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हेलीकाॅप्टर गुरुड़ाबाज में बने हेलीपैड पर उतरा। यहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नड्डा का काफिला जागेश्वर मंदिर समूह पहुंचा। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनकी अगवानी को विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान के साथ ही विधायक द्वाराहाट महेश नेगी, पार्टी जिलाध्यक्ष रवि रौतेला आदि मौजूद रहे।