संवाददाता- विवेक चौबे
गढ़वा : मजदूर बड़ी उम्मीद के साथ बाहर मजदूरी करने जाते हैं। उनकी विवशता उन्हें खींच ले जाती है। परिवार के पालन-पोषण हेतु अपनी जान की परवाह किए बिना मजदूर अपने घर से निकल जाते हैं। इसी प्रकार एक मजदूर अपने परिवार के जरूरतों की पूर्ति के लिए मजदूरी करने हेतु गया, किन्तु बज्रपात से उसकी मौत हो गयी।
घटना है जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लमारी कला गांव की। उक्त गांव निवासी- बृक्ष रजवार के 21 वर्षीय पुत्र- अशोक कुमार की मौत हो गयी। परिजनों ने बताया कि बिहार के अंकोरहा स्थित माड़र गांव में खेत में काम करने के दौरान वज्रपात से होने से अशोक की मौत हो गयी। वह गुरुवार को अपने रिश्तेदारों के साथ माड़र गांव के बलि सिंह के घर धान रोपाई कार्य करने गया था। शुक्रवार की दोपहर हुए बज्रपात से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। अशोक अपने भाई व बहनोई के साथ वहां काम करने गया था, जहां काम के दौरान ही वज्रपात से मौत हो गई। वहीं दुर्भाग्य यह भी की इस घटना में अशोक के साथ उसके बहनोई की भी मौत हो गई। अंकोढ़ा पुलिस द्वारा शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कराया गया। तत्पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया गया। शनिवार को शव लमारी कला गांव लाया गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बता दें कि पंडी नदी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।