विवेक चौबे की रिपोर्ट
गढ़वा/भवनाथपुर। शादी का झांसा देकर आठ वर्षों तक यौन शोषण करने का आरोपी मकरी गांव निवासी फिरदौस आलम को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके जिला मुख्यालय के नवादा मोड़ पर होने की गुप्त सूचना मिली थी। मामले में थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के झगराखांड़ गांव की एक आदिवासी युवती ने शादी का झांसा देकर आठ वर्षों से यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। उसने उसके खिलाफ स्थानीय थाने में नामजद केस दर्ज कराया था। उसके बाद से वह फरार चल रहा था। छापेमारी दल में थाना के जेएसआई रामप्रसाद इंदवार, सहायक पुलिस प्रवेश यादव सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।
क्या है मामला
युवती की शिकायत पर पुलिस ने जांचोपरांत आरोपी फिरदौस आलम और उसके बड़े भाई सह मकरी पंचायत के मुखिया अब्दुल्लाह अंसारी के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया था। युवती ने थाना में आरोपी के खिलाफ यौन शोषण करने और उसके बड़े भाई और पंचायत के मुखिया के खिलाफ अपने भाई का साथ देने को लेकर आवेदन दिया था। उसने आरोप लगाया है कि वह जब आठवीं क्लास की छात्रा थी तभी फिरदौस से मेल जोल बढ़ा। उसके बाद से वह उसका आठ साल तक यौन शोषण करता रहा। वह पोर्न फिल्म में काम करने के लिए उसे दिल्ली लेकर गया था, पर उसने फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया।
लॉकडाउन के दौरान अगस्त 2020 में उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली। उसका जब उसने विरोध किया तो फिरदौस और उसके मुखिया भाई की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई। उधर सीडब्ल्यूसी में भी पीड़िता ने आवेदन देकर जानकारी दी थी। उसपर सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष उपेंद्रनाथ दुबे ने भी चाइल्ड लाइन के सदस्य को मामले में जांच कर रिपोर्ट मांगी थी।