संवाददाता- विवेक चौबे
गढ़वा : जिले के मझिआंव के झामुमो प्रखंड अध्यक्ष- डॉ. एसएन त्रिपाठी ने गरीबों की गरीबी पर तरस खाया। उन्होंने शनिवार को तीन असहाय गरीबों की भूख को महसूस किया। भूख से तड़प रहे उक्त तीनों गरीब व्यक्तियों के पास कोई राशन कार्ड नहीं है। मजदूरी कर बड़ा परिवार चलाने में सभी असमर्थ हैं। बता दें राशन से वंचित उक्त तीनों गरीब व्यक्तियों में चंदना गांव निवासी- सकीना बीवी, संजीदा बीबी व मोरबे गांव निवासी- मोइना बीबी का नाम शामिल है।
गरीबों की गरीबी दूर हो या न हो, किन्तु कोई भूखा तो न रहे। इसी उद्देश्य से झामुमो नेता- डॉ त्रिपाठी ने अनपूर्णा योजना के तहत उन गरीब परिवार के लिए 50-50 किलो चावल उपलब्ध कराया। वहीं इस सम्बंध में अबतक राशन से वंचित उक्त सभी लोगों ने बताया कि कोई राशन कार्ड नहीं बनने से कहीं राशन नहीं मिलता है। प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाते-लगाते थक गए, किन्तु उनकी गरीबी व मजबूरी पर किसी ने तरस नहीं खाया। राशन पाकर सभी प्रसन्न थे। सभी ने डॉ त्रिपाठी को दिल से धन्यवाद दिया। इस सम्बंध में डॉक्टर एसएन त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में अधिकतर गरीब व्यक्ति ही पाए जाते हैं।
पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण योग्य लाभुकों को राशन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र सहित ग्राम पंचायत स्तर पर मोर्चा की ओर से गरीब परिवारों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के पश्चात उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के तहत अवश्य ही लाभ दिलाया जाएगा।
इस सम्बंध में मझिआंव प्रखंड विकास पदाधिकारी- अमरेन डांग ने बताया कि जिन गरीब परिवारों का अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है। वैसे गरीब परिवारों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के पश्चात राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया कराई जाएगी।
मौके पर- सहायक गोदाम प्रबंधक- परमानंद प्रसाद, अमर सिंह, समाजसेवी- सत्येंद्र सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।