संवाददाता- विवेक चौबे
गढ़वा : वर्षों से यह मांग पूरी नहीं हो पा रही थी। प्रशासन से बार-बार मांग की जा रही थी। आखिरकार प्रशासन ने सुन ही लिया। बता दें कि जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित कांडी बाजार व मुख्य सड़क पर झुगी, झोपड़ी, मकान, दुकान लगाकर स्थानीय लोगों द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमित कर लिया गया था।
अतिक्रमित भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु पदाधिकारियों द्वारा कई बार स्थानीय लोगों को नोटिस भी दी गई, किन्तु लोगों पर कोई असर नहीं दिखा। वहीं गुरुवार को जिला से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह मझिआंव अंचलाधिकारी- राजेन्द्र झा व कांडी अंचलाधिकारी- जोहन टुड्डू की देखरेख में उक्त बाजार से अतिक्रमण हटाया गया।
साढ़े ग्यारह बजे से अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारम्भ हुआ। लगभग दो घण्टा तक यह कार्य चला। आज 41 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया।कांडी थाना चौक से बाजार तक मुख्य सड़क के दोनों ओर लगाए गए दुकान व मकान की सीढ़ी को तोड़ दिया गया। उक्त 41 डिसमिल जमीन 28 विभिन्न लोगों के अवैध कब्जे में थी, जिसमें राजू सोनी, अनिल साह, राम किशोर प्रसाद, गंगा साह, यमुना साह, रुस्तम खान, मुर्तजा अंसारी, मुरली साह, सीकेश्वर साह, बबलू साह, बिजय साह, संजय साह सहित अन्य कई लोगों का नाम शामिल है।
दंडाधिकारी ने बताया कि शीघ्र ही शेष 37 डिसमिल जमीन से भी अवैध कब्जा हटाने का कार्य प्रारम्भ होगा। मौके पर- कांडी थाना प्रभारी- नीतीश कुमार, एसआई- राहुल कुमार, विजय मिश्रा ,सीआई- बेलाशीष केरकेट्टा, राजस्व कर्मचारी- राजेश त्रिपाठी, इन्देश्वर बैठा, अंचल अमीन- ब्रह्मदेव राम सहित काफी संख्या में पुलिस बल तैनात थी।