सन्नी यादव की रिपोर्ट
आरंग से महज 3 किमी दूर ग्राम ओड़का में दो मोटरसाइकिल में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में ग्राम चरौदा निवासी 33 वर्षीय युवक शरद पैगम्बर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 1 महिला और एक युवक घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए आरंग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतक शरद पैगम्बर घर के काम से चरौदा से आरंग के लिए मोटरसाइकिल से निकला था। वहीं दूसरे मोटरसाइकिल पर कुरूद निवासी नरेंद्र साहू अपनी बीमार मां का झलप में इलाज कराने के बाद वापस कुरूद लौट रहा था। आरंग के ग्राम ओड़का में दोनों मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गयी, जिसमें चरौदा के युवक शरद पैगम्बर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कुरूद निवासी नरेंद्र साहू और उसकी बीमार मां इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिनका आरंग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। आरंग पुलिस ने मृतक शरद पैगम्बर के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।