सन्नी यादव की रिपोर्ट
रायसेन। छत्तीसगढ़ की स्टील कारोबारी महिला को अपने यहां काम करने वाले एक नौकर से प्यार हो गया। महिला के अनुसार, दोनों लिव-इन में भी रहे। अब जब नौकर उसे छोड़कर रायसेन आ गया तो महिला कारोबारी भी उसकी तलाश में रायसेन पहुंच गई।
महिला ने रायसेन की एसपी मोनिका शुक्ला से शिकायत की है। उसने बताया कि रायसेन का लड़का उसके यहां काम करता था। प्यार होने पर दोनों लिव-इन में रहने लगे। अब वह उसे छोड़कर रायसेन भाग आया है। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रहने वाली महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि विजय गलगट रायसेन जिले के किशनपुर का रहने वाला है।
चार साल पहले वह उसके पास काम करने आया था। दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। इसके बाद वे लिव-इन में रहने लगे। महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर विजय उसके साथ संबंध बनाता रहा। पिछले दिनों उसने घर जाने की बात कही और कहा कि वह जल्द वापस लौट आएगा, लेकिन अब वह वापस नहीं आना चाहता।
महिला ने बताया कि जब वह लड़के के घर पहुंची तो उसके परिजन ने उससे मारपीट की। वे उसे रखने को तैयार नहीं हैं। विजय उसके पास से सात लाख रुपए भी लेकर आया था। पुलिस भी कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं, मामले में पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला का कहना है कि महिला के आवेदन पर संबंधित थाने में मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही पता चलेगी।