रिपोटर-हरिश साहू
दंतेवाडा । वैलेंटाइन डे के मौके पर सरेंडर कर चुके 14 नक्सलियों की शादी हुई। इस शादी में पुलिस ने पूरा सहयोग किया। जिले के SP डॉ अभिषेक पल्लव बाराती बनकर नक्सलियों की शादी में शामिल हुए।
रविवार को जिन 14 जोड़ों की शादी हुई। इसमें एक जोड़ा ऐसा था जिसमें दूल्हा और दुल्हन दोनों ही पहले नक्सली थे। कई बार पुलिस पर हमला किया। कभी गांव की उन सड़कों को इन्होंने काटा जहां से फोर्स के लोग आना-जाना करते थे।
नफरत और हिंसा के माहौल में दोनों के बीच प्यार पनपा। SP डॉ पल्लव पारंपरिक तरीके से ढोल बजाते और नाचते हुए लड़की वालों के घर पहुंचे और इस शादी में शामिल हुए। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में एक जोड़ा ऐसा था जिसमें पुरुष और महिला दोनों ही नक्सली थे।
नक्सल संगठन में रहते हुए दोनों के बीच प्यार पनपा और अब सरेंडर कर शादी के बंधन में बंधे। जिनकी शादी हुई उनमें शामिल अन्य युवकों ने हाल फिलहाल में सरेंडर किया था।
सभी दंतेवाड़ा जिले की रहने वाले हैं लिहाजा किसी की किसी की शादी तय हो चुकी थी तो कोई अपने प्यार को मुकम्मल करना चाहता था। पुलिस के सहयोग से खुशहाल जिंदगी जीने का सपना पूरा हुआ। कारली हैलीपेड के पास बने मंडप में सरेंडर नक्सलियों ने फेरे लिए।
पूर्व नक्सली जोगी व सोमडू की प्रेम कहानी नक्सलियों के बीच भी मशहूर रही है। सोमडू ने नवम्बर 2020 को सरेंडर किया था, जबकि जोगी ने जनवरी 2021 में। सोमडू व जोगी बताते हैं संगठन में रहते वक़्त एक-दूसरे को जानते थे। प्रेम हुआ।
बातचीत होती थी। सरेंडर के बाद प्यार और बढ़ गया। अब शादी के बाद वो सामान्य जिंदगी जीना चाहते हैं जो नक्सलियों के साथ मुमकिन नहीं थी। शादी का कार्यक्रम आदिम संस्कृति पर आधारित था। देवताओं पर शराब चढ़ाने की रस्म अदा की गई।