अरमान अली की रिपोर्ट
जम्मू । भारतीय सेना ने पाक गोलीबारी का जवाब देते हुए 2 पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए हैं। चार पाक चौकियां भी नेस्तनाबूद कर दी गई हैं। इससे पहले पाकिस्तान ने बुधवार रात करीब 10 बजे एलओसी से सटे गांव मनकोट और कृष्णा घाटी में गोलाबारी की थी। इस दौरान हल्के व भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया। गोलाबारी की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। इससे सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया और वे सुरक्षित स्थानों पर चले गए। ज्ञात हो कि 4 दिन पहले भी पाकिस्तानी सेना ने शाहपुर, कीरनी, कसबा में भी गोलाबारी की थी। पाकिस्तानी गोलाबारी का सेना के जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिन पाकिस्तानी चौकियों से भारती सीमा में गोले दागे जा रहे थे भारतीय जवानों ने उन्हें निशाना बनाते हुए यहां से भी गोलाबारी की। नतीजतन पाकिस्तान की चार चौकियां तबाह हो गई जबकि दो जवान मारे गए। मरने वालों में एक लांस नायक व एक सिपाही शामिल है। यह संख्या बढ़ सकती है क्योंकि सैन्य सूत्रों का कहना है कि चौकी में मौजूद तीन से चार और जवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पाकिस्तानी सेना ने अपने दो जवानों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। मारे गये पाकिस्तानी जवानों की पहचान लांस नायक तारिक और सिपाही जफूर के तौर पर हुई है।