अहसान अली की रिपोर्ट
जम्मू । रामबन जिले में भारी हिमपात और भूस्खलन के कारण पिछले दो दिन से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बुधवार अपराह्न् फंसे हुए वाहनों के लिए खोल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि दृशय़ता में कमी के चलते रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर तक हेलीकाप्टर सेवा दूसरे दिन भी बाधित रही। बुधवार की सुबह में मौसम में सुधार होने पर सड़क से बर्फ हटाने वाले विभाग ने बनिहाल और जवाहर सुरंग के बीच मार्ग पर जमी बर्फ हटाकर रास्ता साफ किया।
अधिकारियों ने बताया कि पन्थियाल-रामसु मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन के मलबे को भी हटाया गया जिसके बाद कश्मीर जाने वाले वाहनों को निकलने का रास्ता मिला।सोमवार शाम को जवाहर सुरंग और उससे सटे क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ जिसके कारण यातायात बाधित हो गया था। बनिहाल में एक फुट बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते जवाहर सुरंग में डेढ़ फीट तक बर्फ जमा हो गई।
जम्मू के मैदानी इलाकों में हुई बारिश के कारण पहाड़ों पर भूस्खलन हुआ। इससे भी पन्थियाल, दिगदोले, मरूग और कई स्थानों पर पत्थर गिरने से राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘अंतिम रिपोर्ट मिलने तक यातायात सुगम है। श्रीनगर से जम्मू तक यातायात चालू करने का निर्णय फंसे हुए वाहनों को निकालने के बाद लिया जाएगा।’