नई दिल्ली:सितंबर माह मे हुए पनडुब्बी से जुड़ूी सीक्रेट जानकारी लीक करने के मामले में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में छह लोगों पर भ्रष्टाचार निरोधक कानून और आईसीपी के तहत आरोप लगाए गए हैं।
इन छह लोगों में नौसेना के दो सेवारत और दो सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल हैं। सभी पर देश की किलो क्लास पनडुब्बियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी अनाधिकृत व्यक्तियों को देने का मामला चल रहा है। सीबीआई ने 2 सितंबर को एफआईआर दर्ज की थी लेकिन मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने का हवाला देते हुए बहुत सी चीजें सार्वजनिक नहीं की गई हैं।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने भारत की किलो क्लास पनडुब्बियों के मीडियम रिफिट लाइफ सर्टिफिकेशन और एमआरएलसी कार्यक्रम की गोपनीय सूचनाएं अनधिकृत लोगों को दी थीं। इस मामले में सीबीआई ने सितंबर में सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारियों रणदीप सिंह और एसजे सिंह को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद ये मामला मीडिया के सामने आया था। रणदीप सिंह के पास से 2 करोड़ कैश भी बरामद हुआ था। सीबीआई ने अक्टूबर में पनडुब्बी से जुड़ी संबंधित गोपनीय जानकारी लीक करने के इस केस में नेवी के कमांडर रैंक के एक अधिकारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी थी।
जांच के आधार पर सीबीआई ने पश्चिमी नौसेना कमान मुख्यालय में तैनात कमांडर अजीत कुमार पांडे को गिरफ्तार किया। एक अन्य कमांडर, जो कमांडर पांडे के अधीन काम कर रहा था और उसी मुख्यालय में तैनात था, उसको भी इसके बाद गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की जमानत रोकने के लिए सीबीआई ने आज आरोपपत्र दाखिल किया है। मामले में सीबीआई की जांच फिलहाल जारी है।