गौरव शुक्ला की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद पानी गिरने के विवाद में डीएम के अर्दली की पत्नी पर पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी से हमलाकर सिर फोड़ दिया। पुलिस ने घायल महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को हिरासत में लिया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव कुटरा सिविल लाइन मड़ैया निवासी दानवीर जिलाधिकारी कार्यालय में अर्दली हैं। उनके मकान का बुधवार को लिंटर पड़ा था। गुरुवार सुबह दानवीर की पत्नी ऊषा देवी लिंटर पर पानी डाल रही थीं। पानी पड़ोसी जितेंद्र के घर में गिर गया। इस पर जितेंद्र के पुत्र छोटू, गुलाब सिंह, प्रताप सिंह, बाबू, पत्नी किशनलता व पांच अज्ञात ने गाली गलौज की और घर में घुस आए।
लात घूसों से ऊषा देवी को पीट दिया। किशनलता ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। ऊषा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने ऊषा देवी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर हाल-चाल लिए। ऊषा देवी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सैफई रेफर कर दिया।
पुलिस ने दानवीर की तहरीर पर जितेंद्र के चार पुत्र, पत्नी व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एक आरोप छोटू को पकड़ लिया है। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।