रिपोटर-अरुण विकास पाठक
फर्रुखाबाद। आवास विकास स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार दे रात अस्पताल कर्मियों ने मरीज के तीमारदारों को पीट दिया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी के सामने भी दोनों पक्षों में लात-घूंसे चले। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। डॉक्टर ने रुपये लूटने का आरोप भी लगाया है। सीओ सिटी ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
न्यू आवास विकास कालोनी निवासी नत्थूलाल तिवारी को हालत बिगड़ने पर कालोनी के ही एक निजी अस्पताल में रविवार दोपहर दो बजे भर्ती कराया गया था। उन्हें आईसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया। रात नौ बजे नत्थूलाल का नाती आशू दुबे उन्हें देखने पहुंचा। बाहर कर्मचारियों से बातचीत हुई। आशू ने रेफर करने के लिए कहा।इस पर अस्पताल कर्मचारी अभद्रता पर उतर आए। उन्होंने हाथापाई कर दी। सूचना पर आवास विकास चौकी प्रभारी विशेष कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही अस्पताल कर्मचारियों ने भर्ती वृद्ध के परिजनों पर हमला बोल दिया। लात-घूंसों से जमकर पीटा। पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर नियंत्रण किया। पुलिस के सामने परिजनों के कहने पर कर्मचारियों ने नत्थू लाल को बाहर निकला तो पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। इससे फिर हंगामा हो गया।
परिजनों का आरोप है कि जब अस्पताल संचालक से शिकायत की, तो उन्होंने लूट का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। पुलिस के समझाने पर परिजन शव लेकर चले गए। उन्होंने सोमवार दोपहर अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद ही अस्पताल के अंदर मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। इसे पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया। तो जांच शुरू हुई। इस पर पीड़ित आशू दुबे ने कोतवाली में अस्पताल के कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ सिटी राजवीर सिंह ने कहा कि एक अस्पताल में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी पर कार्रवाई होगी। चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि अस्पताल के कार्यालय में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मारपीट शुरू हो गई। शोर सुनकर बाहर निकले, तब दोनों पक्षों को दूर-दूर किया। अभी तहरीर नहीं मिली है।