हरिओम दिवाकर की रिपोर्ट
फतेहपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली से चुराई एक लग्जरी कार चेकिंग के दौरान पकड़ी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक ने कार हाथरस जिले के साथी के साथ चुराने की बात कबूल की है। सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग हाईवे पर कोतवाल रवींंद्र श्रीवास्तव, एसएसआई कैलाश नाथ बुधवार सुबह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। एक व्यक्ति के चोरी की कार शहर लेकर आने की सूचना मिली। पुलिस ने संदिग्ध हांडा सिटी कार को हाईवे पर रोकवाने की कोशिश की। चालक कार खड़ी कर भागने लगा। पुलिस ने कार चालक मलवां थाना क्षेत्र के अमौरा निवासी सूरज कुमार गुप्ता को दौड़ा कर पकड़ लिया।
आरोपी ने बताया कि वह मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। जहां हाथरस शहर के अंकुर सिंह से मुलाकात हुई थी। मुंबई से कुछ दिनों बाद दोनों लोग दिल्ली चले आए थे। जहां अंकुर के साथ चार पहिया वाहन चोरी का काम करने लगे। लाकडाउन पर वह अपने साथ चोरी की हांडा सिटी लेकर गांव चला आया था। हांडा सिटी कार एक फरवरी 2020 को दिल्ली के गोविंदपुरी साउथ सिटी थाना क्षेत्र से चुराई थी। एसएसआई कैलाश नाथ ने बताया आरोपी ओरिजिनल नंबर प्लेट पर ही कार चला रहा था। उसके पास कार के असली कागजात भी हैं। कागजात भी साथ में रखे था। इसी वजह से उसे लगता था कि कोई नहीं पकड़ेगा। आरोपी को जेल भेजा गया है।