10 जून को राज्यसभा के लिए होने वाले चुनाव के भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की तो गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री संगीता यादव के नाम भी शामिल थे। भाजपा संगठन ने इस दोनों प्रत्याशियों को संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और सम्पर्ण के लिए सम्मान दिया है। हालांकि केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान में राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला का संगठन से अब भी आस लगाए हुए है। भाजपा अभी राज्यसभा के दो उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
शहर विधानसभा क्षेत्र डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रबल दावेदार थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शहर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाने पर डा. राधामोहन दास अग्रवाल को चुनाव मैदान से हटना पड़ा था। लेकिन राजनैतिक गलियारे में उनके अगले कदम को लेकर तमाम अटकलें लग रहीं थी। समाजवादी पार्टी के मुखिया राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बकायदा दो बार सार्वजनिक मंच से टिकट का प्रस्ताव देकर उन्हें उकसाया लेकिन डॉ. अग्रवाल प्रतिबद्ध कार्यकर्ता बताते हुए पार्टी के निर्णय को स्वीकार किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नामांकन सभा में स्पष्ट कहा था कि वे साये की तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रहेंगे। मुख्यमंत्री को प्रदेश में सबसे बड़ी जीत दिलाकर विधानसभा भेजेंगे। चुनाव प्रचार में उनकी मौजूदगी दिखी भी।उधर, राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाई गईं संगीता यादव चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से 2017 में विधायक रही थीं। 2022 के चुनाव में भी उनका टिकट पक्का था। भाजपा निषाद पार्टी के गठबंधन के कारण भाजपा को चौरीचौरा की सीट छोड़नी पड़ी थी। निषाद पार्टी ग्रामीण सीट के लिए दावेदारी कर रही थी लेकिन भाजपा इसे स्वयं के पास चाहती थी। लेकिन चौरीचौरा सीट निषाद पार्टी के खाते में चली गई थी।
सम्मान बरकरार रखने का मिला आश्वासन
सीएम योगी के लिए अपनी सीट छोड़ने वाले डॉ. आरएमडी के सम्मान को बरकरार रखने का पार्टी पहले ही संकेत दे चुकी थी। सीएम के नामांकन के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान ने डॉ. अग्रवाल की खुले मंच से सराहना की थी। डॉ अग्रवाल पार्टी के दिग्गज नेताओं के साथ एमपी इंटर कालेज स्थित नामांकन सभा में पहुंचे थे। डॉ अग्रवाल पार्टी अध्यक्ष नड्डा, धर्मेन्द्र प्रधान व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मौजूद रहे।
डॉ. आरएमडी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया
पूर्व विधायक डॉ. आरएमडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा संगठन महामंत्री सुनील बंसल के प्रति आभारी हूं। उन्होंने मुझे इतना बड़ा महत्वपूर्ण दायित्व दिया है। इस दायित्व के लिए अपने आपको योग्य सिद्ध करेंगे। गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के उन लाखों नागरिकों को जो पिछले पांच महीने से ईश्वर से यही प्रार्थना कर रहे थे कि भाजपा का नेतृत्व उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे, उनके प्रति भी ह्दय की गहराईयों से आभार प्रकट करते हैं।