अमित कुमार की रिपोर्ट
कन्नौज। समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने कन्नौज के सांसद के द्वारा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गयी टिप्पणी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वे सबसे पहले जिले में बंद पड़ी ठठिया मण्डी समेत कैंसर अस्पताल, हृदय रोग संस्थान, पैरामेडिकल कालेज, किसान बाजार, इंजिनियर कॉलेज का निर्माण पूरा कराये। नेडा प्रशिक्षण केंद्र आदि चालू करवा दे तो कन्नौज की जनता का भला होगा।
श्री यादव ने कहा कि यूपी अब अपरहण, हत्या, बलात्कार का प्रदेश बन गया है। निर्दोषों को ठोको नीति के तहत हत्याएं की जा रही हैं। प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। पुलिस खुद फिरौती देने लेने में मस्त है। यही हाल कन्नौज की जनता के साथ हुआ है जो भावनाओं में बहकर अपने को ठगा महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का जन्म संघर्ष की कोख से हुआ है। जब लोग कोरोना के डर से घरों में छिपे थे तब समाजवादी लोग मजदूरों और गरीबों के घर साईकिल चलाकर लोगों की मदद कर रहे थे। यह किसी से छिपा नहीं है। लोकतंत्र में कोई कमजोर नहीं होता है। जनता सबसे ताकतवर होती है, लेकिन पहली बार देखा है लोकतंत्र की हत्या कैसे की जा रही है। पहली बार सुप्रीम कोर्ट के जजों को प्रेस कॉन्फ्रेस के लिये आना पड़ा। CBI का गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है। लोकतंत्र में भी तानाशाह होते है ये अब पता चला।