देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज। भाजपा सांसद सुब्रत पाठक को पार्टी हाईकमान द्वारा प्रदेश महामंत्री नियुक्त किए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। ऐसे में मंगलवार को नव नियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम बार जिले के आगमन पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एक्सप्रेस-वे पर स्वागत करने के लिए एकत्र हो गए। जैसे ही उनका काफिला सौरिख कट के पास पहुंचा, तभी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उनका भव्य स्वागत किया।
हाल ही भारतीय जनता पार्टी ने क्षेत्रीय सांसद सुब्रत पाठक को पार्टी का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया था। पार्टी में उनका कद बढने से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी देखने को मिल रहीं है। ऐसे में जब मंगलवार को वह कन्नौज आने के लिए दिल्ली से निकले तो स्थानीय नेताओं ने उनके प्रदेश महामंत्री बनने के बाद प्रथम जनपद आगमन को लेकर भव्य स्वागत किया। सबसे पहले कार्यकर्ताओं का हुजूम आगरा-लखनउ एक्सप्रेस-वे पर सौरिख कट के पास पहुंच गया। यहां काफिला आते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी और फूल-मालाओं ने उन्हें लाद दिया। इसके बाद वह छिबरामउ, सिकंदरपुर, गुरसहायगंज, तिर्वा होते हुए कन्नौज पहुंचे।
तिर्वा से कन्नौज पहुंचते वक्त तिर्वा रोड पर रिषभ दीक्षित एडवोकेट के नेतृत्व में युवाओं ने माला पहना कर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों का भारी हुजूम उनके साथ रहा। गाडियों का लम्बा काफिला लगातार उनके साथ चलता रहा। नव नियुक्त भाजपा प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, वीरसिंह भदौरिया, अशोक सिंह, रावेन्द्र कटियार, कुलदीप ठाकुर, अचल अवस्थी, प्रभात बाजपेयी, छोटू यादव, सौरभ गुप्ता, अभिषेक मंगलम पांडेय मोनू द्विवेदी समेत सैकडों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वागत करने नोएडा पहुंच गए भाजपाई
भाजपा प्रदेश महामंत्री का स्वागत करने के लिए कन्नौज जिले के सकरावा के लोग सुबह ही नोएडा पहुंच गए। इन लोगों ने सुब्रत पाठक का वहीं स्वागत किया। सकरावा निवासी समाजसेवी आदेश दुबे ने भाजपा सांसद व महामंत्री सुब्रत पाठक को नोएडा में गीता एवं गणेश भगवान की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया और क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया। सकरावा रजवाह की टेल तक सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। यहां संजीव कुमार, रिषभ दुबे, हैप्पी त्रिपाठी, अभिषेक आदि लोग मौजूद रहे।