देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज – पुलिस लाइन के पास ही स्थित अस्थाई जेल से खिड़की तोड़कर भागे शातिर को पुलिस ने धर दबोचा है। तालग्राम थाना की पुलिस ने उसे मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पहले से ही तालग्राम थाना में आठ मुकदमे दर्ज हैं। अब सदर कोतवाली में फरारी की भी रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
दरअसल तालग्राम थाना के कुशलपुरवा निवासी 15 हजार का ईनामी बदमाश प्रमोद उर्फ सोनू को पुलिस ने 31 अगस्त को आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया था। कोर्ट के आदेश पर जेल भेजने से पहले उसे यहां पुलिस लाइन के पास स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में बने अस्थाई जेल में 14 दिनों के लिए रखा गया था। सोमवार की सुबह वह कमरे की खिड़की की जाली तोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस महकमे में हड़कम्प की स्थिति थी।
जेलर ने सदर कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। एसपी अमरेन्द्र प्रसाद सिंह ने सदर कोतवाली और तालग्राम थाना की पुलिस को उसकी तलाश की जिम्मेदारी सौंपी थी। बताया जा रहा है कि तालग्राम थाना की पुलिस ने उसे एक्सप्रेस-वे के पास से दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक वह आगरा भागने की फिराक में था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
भागने के लिए शातिर ने झोंका फायर
तालग्राम। अस्थाई जेल से भागे शातिर प्रमोद उर्फ सोनू को पकड़ने में जुटी तालग्राम पुलिस का दावा है कि उसे एक्सप्रेस-वे पर निकवा गांव के करीब से गिरफ्तार किया गया। इंस्पेक्टर विनोद मिश्र ने बताया कि वह आगरा जाने की फिराक में था। वह एक झाड़ी में छिपा हुआ था। पुलिस को देखकर उसने फायर किया, लेकिन निशाना चूकने से किसी को गोली नहीं लगी। उसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
तालग्राम पुलिस के मुताबिक प्रमोद के पास से एक अदद तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है। उसे पकड़ने वाली टीम में इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा के अलावा चौकी प्रभारी सुदेश कुमार, दिलीप कुमार, विनोद कुमार और शुभम भी शामिल रहे